• Wednesday, 13 May 2026
सेब सीजन से पहले सड़कों की हालत सुधारें सरकार, नहीं तो होगा आंदोलन : करतार सिंह गुलेरिया

12 May 2026 | 93 Views

सेब सीजन से पहले सड़कों की हालत सुधारें सरकार, नहीं तो होगा आंदोलन : करतार सिंह गुलेरिया

भुंतर। दि लोअर कुल्लू किसान बागवान संगठन भुंतर की बैठक अध्यक्ष करतार सिंह गुलेरिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आने वाले सेब सीजन को लेकर किसान-बागवानों की समस्याओं और तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

अध्यक्ष करतार सिंह गुलेरिया ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि सेब सीजन शुरू होने से पहले गांवों की सड़कों की दयनीय स्थिति को सुधारना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों के कारण हर साल किसान-बागवानों को अपने उत्पाद मंडियों तक पहुंचाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जिससे आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ता है।

बैठक में परिवहन व्यवस्था, खाद-बीज की उपलब्धता, कीटनाशक दवाइयों की समय पर आपूर्ति और किसानों की फसलों को उचित दाम मिलने जैसे मुद्दों पर भी मंथन किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि कुल्लू घाटी की अर्थव्यवस्था पूरी तरह बागवानी पर आधारित है और यदि किसान-बागवानों को समय पर सुविधाएं नहीं मिलीं तो इसका सीधा असर घाटी की आर्थिक स्थिति पर पड़ेगा।

संगठन ने सरकार से मंडियों में अतिरिक्त स्टाफ तैनात करने, कोल्ड स्टोरेज सुविधाओं को मजबूत करने, समय पर सब्सिडी देने, फसल बीमा और प्राकृतिक आपदा मुआवजे को लेकर स्पष्ट नीति बनाने की मांग भी उठाई। बैठक में सर्वसम्मति से सरकार को ज्ञापन भेजने का फैसला लिया गया।

किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो किसान-बागवान आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। संगठन ने जिला प्रशासन से जल्द संयुक्त बैठक आयोजित करने की मांग भी की, ताकि हजारों किसान-बागवानों के उत्पाद को सुरक्षित और समय पर मंडियों तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में नव निर्वाचित उपाध्यक्ष देवी सिंह, डोला सिंह महंत, चंद्रवल्लभ शर्मा, दीपक भल्ला, भाग चंद, धर्म चंद, धनवंत मियां, नरेश कुमार, तारा ठाकुर, अजय पाल, हरीश ठाकुर, सचिव महामंत्री भूप सिंह ठाकुर सहित कई पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे।

Also, Watch This Video

सेब सीजन से पहले सड़कों की हालत सुधारें सरकार, नहीं तो होगा आंदोलन : करतार सिंह गुलेरिया

Published on: 12 May 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News