चार वार्डों में पंच निर्विरोध चुने, अब प्रधान-उपप्रधान पद पर टिकी सबकी नजर
ग्राम पंचायत जिया में पंचायत चुनावों के बीच लोकतंत्र की एक सकारात्मक और प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। पंचायत के कुल पांच वार्डों में से चार वार्डों में पंच निर्विरोध चुने गए हैं, जिससे क्षेत्र में आपसी सहमति और विकास की सोच स्पष्ट दिखाई दे रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड-1 से कौशिक शर्मा, वार्ड-2 से कृष्णा शर्मा, वार्ड-3 से पवन तथा वार्ड-5 से नेहा को जनता ने निर्विरोध पंच चुनकर पंचायत में भेजा है। हालांकि इनकी आधिकारिक घोषणा अभी शेष है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार जिया पंचायत की जनता सोच-समझकर ऐसे प्रतिनिधियों का चयन कर रही है, जो पंचायत के विकास कार्यों को नई दिशा दे सकें। अब पंचायत में प्रधान और उपप्रधान पद को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और लोगों की निगाहें आगामी समीकरणों पर टिकी हुई हैं। नाम वापसी के बाद स्थिति और अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है।
इस बार जिया पंचायत का चुनाव केवल पद हासिल करने तक सीमित नहीं दिख रहा, बल्कि विकास और जनहित के मुद्दे चुनाव के केंद्र में नजर आ रहे हैं। क्षेत्र के प्रमुख मुद्दों में प्रस्तावित कचरा प्रबंधन प्लांट को रोकना तथा ब्यास और पार्वती नदी किनारे सुरक्षा दीवार निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है।
निर्विरोध चयन से पंचायत में आपसी भाईचारे और सहमति की भावना मजबूत हुई है। अब देखना दिलचस्प होगा कि जिया पंचायत की जनता प्रधान और उपप्रधान के रूप में किसे जिम्मेदारी सौंपती है।
Also, Watch This Video
जिया पंचायत में लोकतंत्र की मिसाल - चार वार्डों में पंच निर्विरोध चुने, अब प्रधान-उपप्रधान पद पर टिकी सबकी नजर