उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) तथा जल शक्ति विभाग कटराईं के साथ एक अहम बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मनाली से कलाथ के मध्य भूमिगत सीवरेज पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई।
उपायुक्त ने जल शक्ति विभाग को निर्देश दिए कि प्रभावित सड़कों पर सभी मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शुरू किए जाएं, ताकि एनएचएआई द्वारा प्रस्तावित टारिंग कार्य समयबद्ध तरीके से शुरू हो सके और आम जनता को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंगलवार को सभी प्रभावित स्थलों का संयुक्त निरीक्षण किया जाए, जिससे वास्तविक स्थिति का आकलन कर प्रभावी कार्ययोजना बनाई जा सके। साथ ही जल शक्ति विभाग को आगामी सप्ताह से मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि सड़कें आम जनजीवन की आधारभूत आवश्यकता हैं और उनकी खराब स्थिति से लोगों को काफी असुविधा होती है, खासकर पर्यटन क्षेत्र मनाली में जहां यातायात का दबाव अधिक रहता है। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर जोर दिया, ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित व सुगम आवागमन मिल सके।
बैठक में एनएचएआई के सुपरविजन कंसल्टेंट अशोक चौहान तथा जल शक्ति विभाग के एसडीओ दीक्षांत शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
Also, Watch This Video
बेहतर तालमेल से तेज़ विकास! उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा का विभागों को सख्त संदेश