• Sunday, 5 April 2026
मनाली-कुल्लू NH-03 की मरम्मत तेज करने के निर्देश, डीसी अनुराग चन्द्र शर्मा सख्त

04 Apr 2026 | 36 Views

मनाली-कुल्लू NH-03 की मरम्मत तेज करने के निर्देश, डीसी अनुराग चन्द्र शर्मा सख्त

कुल्लू, 4 अप्रैल: उपायुक्त अनुराग चन्द्र शर्मा ने शनिवार को एनएचएआई अधिकारियों के साथ बैठक कर राष्ट्रीय राजमार्ग-03 (मनाली-कुल्लू) के क्षतिग्रस्त हिस्सों की शीघ्र मरम्मत और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों में कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर जोर दिया।

बैठक में पीपीटी के माध्यम से जानकारी दी गई कि राम शिला से भूतनाथ पुल तक भूस्खलन प्रभावित चार स्थानों का विशेषज्ञ एजेंसी द्वारा अध्ययन किया गया है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर रेस्टोरेशन कार्ययोजना पर काम शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा व्यास नदी के तटों की सुरक्षा के लिए संपूर्ण मॉडलिंग का कार्य भी पूरा हो चुका है।

उपायुक्त ने एनएचएआई को निर्देश दिए कि ड्रेजिंग, सुरक्षा दीवारों का निर्माण और ड्रेनेज सिस्टम को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया, क्योंकि मानसून के दौरान हुए भूस्खलन से सड़क को भारी नुकसान पहुंचा है।

उन्होंने एसडीएम को फोरलेन के किनारे अवैध कब्जे हटाने के निर्देश भी जारी किए। बैठक के बाद उपायुक्त ने एनएचएआई अधिकारियों के साथ बजौरा से मनाली तक क्षतिग्रस्त स्थलों का निरीक्षण भी किया।

बैठक में अतिरिक्त जिला उपायुक्त अश्वनी कुमार, एसडीएम निशांत ठाकुर, परियोजना निदेशक वरुण चारी, अशोक चौहान, विनय हाजरी और जिला राजस्व अधिकारी सुरभि नेगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Also, Watch This video

मनाली-कुल्लू NH-03 की मरम्मत तेज करने के निर्देश, डीसी अनुराग चन्द्र शर्मा सख्त

Published on: 04 Apr 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News