कुल्लू के भुट्टिको सभागार में आज स्वर्गीय श्री लाल चंद प्रार्थी की 110वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भुट्टिको के अध्यक्ष एवं पूर्व बागवानी मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर, निदेशक मंडल के सदस्यों व कर्मचारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
सत्य प्रकाश ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि स्व. लाल चंद प्रार्थी वर्ष 1966 में हिमाचल प्रदेश सरकार में पहले लोक संस्कृति एवं सहकारिता मंत्री बने थे। उन्होंने प्रदेश में लोक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए। वे न केवल कुल्लू बल्कि पूरे प्रदेश में एक दूरदर्शी जनसेवक के रूप में जाने जाते हैं।
उन्होंने कहा कि कुल्लू-मनाली के विकास में प्रार्थी जी का योगदान अविस्मरणीय है। कला केंद्र, अस्पताल, कॉलेज निर्माण और पर्यटन विकास जैसे कार्य आज भी उनके विज़न को दर्शाते हैं। कुल्लू स्थित “लाल चंद प्रार्थी कला केंद्र” प्रदेश का सबसे बड़ा खुला लोक सांस्कृतिक मंच है, जो आज भी प्रदेश की शान बना हुआ है।
प्रार्थी जी ने हमेशा कुल्लू की पारंपरिक वेशभूषा और संस्कृति को बढ़ावा दिया। उनकी स्मृति में भुट्टिको द्वारा हर वर्ष पहाड़ी भाषा, कला और संस्कृति पर आधारित राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया जाता है तथा सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया जाता है।
इस मौके पर भुट्टिको उपाध्यक्ष मोहर सिंह, निदेशक मंडल के सदस्य आत्मा राम, इंद्रा देवी, कार्यवाहक मुख्य महाप्रबंधक सूरती देवी, महाप्रबंधक किशन चंद, नीना ठाकुर, कविता ठाकुर, वीना देवी सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे।
Also, Watch This Video
भुट्टिको सभागार में स्व. लाल चंद प्रार्थी की 110वीं जयंती मनाई, याद किए उनके अतुलनीय योगदान