जिला मुख्यालय कुल्लू स्थित उपायुक्त कार्यालय प्रांगण में वीरवार को आतंकवाद और हिंसा के खिलाफ एक शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अश्वनी कुमार ने उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को देश की एकता, अखंडता और शांति बनाए रखने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे सभी प्रकार के आतंकवाद और हिंसा का डटकर विरोध करेंगे तथा समाज में शांति, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखने के लिए कार्य करेंगे।
अतिरिक्त उपायुक्त अश्वनी कुमार ने शपथ दिलाते हुए कहा कि सभी कर्मचारी मानव जीवन मूल्यों को खतरा पहुंचाने वाली तथा विघटनकारी शक्तियों के खिलाफ मजबूती से लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में शांति, भाईचारे और अहिंसा का संदेश फैलाना तथा देश को कमजोर करने वाली ताकतों के खिलाफ एकजुटता प्रदर्शित करना है।
इस दौरान कार्यालय के सभी स्टाफ सदस्यों ने देश की अहिंसा एवं सहनशीलता की परंपरा में दृढ़ विश्वास रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
Also, Watch This Video
कुल्लू उपायुक्त कार्यालय में आतंकवाद विरोधी शपथ ग्रहण, अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया देश की एकता बनाए रखने का संकल्प