ग्राम पंचायत शियाह में पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण और ऐतिहासिक माहौल में संपन्न हुए, जहां प्रधान, उपप्रधान सहित पांचों वार्डों के पंच निर्विरोध चुने गए। सहायक चुनाव अधिकारी द्वारा प्रधान पद पर श्रीमती सुभद्रा देवी, उपप्रधान पद पर श्री दिनेश शर्मा तथा पंच पदों पर कुशाल सिंह, वीना देवी, सरिता, नोख राम और आशा देवी को निर्वाचित घोषित किया गया।
निर्विरोध चुनाव के बाद पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। गांववासियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ सभी नव निर्वाचित प्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। शोभायात्रा में पुरुषों, महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा देव प्रांगण पहुंचकर देवता जमलु का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर प्रधान श्रीमती सुभद्रा देवी ने कहा कि शियाह गांव को एक आदर्श पंचायत बनाने के लिए समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड के लोगों से सुझाव लेकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शियाह पंचायत हाल ही में मंझली पंचायत से अलग होकर नई पंचायत बनी है, इसलिए पंचायत भवन का निर्माण उनकी पहली प्राथमिकता होगी। इसके लिए उन्होंने पंचायत भवन निर्माण हेतु दस बिस्वा भूमि देने की घोषणा भी की।
उपप्रधान दिनेश शर्मा ने कहा कि गांव के सभी लोग मिलकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह शियाह गांव सबसे अधिक शिक्षित गांवों में गिना जाता है, उसी तरह इसे मूलभूत सुविधाओं से संपन्न आदर्श गांव बनाने का प्रयास किया जाएगा।
Also, Watch This Video
शियाह पंचायत बनी निर्विरोध पंचायत, ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ नव निर्वाचित प्रतिनिधियों का स्वागत