कुल्लू। जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के जिला प्रबंधन दल की बैठक उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में दिव्यांगजनों की पहचान के लिए अधिक से अधिक जागरूकता शिविर लगाए जाएं, ताकि सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, समाज कल्याण विभाग और अन्य संबंधित विभाग संयुक्त रूप से इन शिविरों का आयोजन करें। साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा वर्करों की भी सहायता ली जाए, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थियों तक पहुंच बनाई जा सके।
बैठक में बंजार खंड के आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को मई 2026 से प्रशिक्षण देने को मंजूरी प्रदान की गई। इसके अलावा जिला सूचना विज्ञान कार्यालय में तीन माह के लिए एक कंप्यूटर प्रोग्रामर की भर्ती के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई, जिससे रोगियों के डाटा का सॉफ्टवेयर के माध्यम से संकलन किया जा सके।
अर्ली इंटरवेंशन सेंटर में बिजली कनेक्शन और आवश्यक उपकरणों की खरीद को लेकर भी बैठक में विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की कार्यवाही का संचालन जिला रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव वीके मोदगिल ने किया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अश्वनी कुमार, सहायक आयुक्त जयवंती ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणबीर ठाकुर सहित अन्य अधिकारी और गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।
Also, Watch This Video
दिव्यांगजनों के लिए जागरूकता शिविर बढ़ाने के निर्देश, विभाग मिलकर करें काम: डीसी कुल्लू