कुल्लू, 9 अप्रैल : लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने पूर्व जिला परिषद सदस्य आशा ठाकुर के निवास पर हुई आगजनी की घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया। गुरुवार को मंत्री स्वयं बगीचा स्थित उनके घर पहुंचे और मौके का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और इस कठिन समय में हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। मंत्री ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं, जिससे परिवार को मानसिक और आर्थिक दोनों तरह का नुकसान उठाना पड़ता है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगजनी के कारणों की निष्पक्ष जांच की जाए और पीड़ित परिवार को राहत नियमों के तहत जल्द से जल्द सहायता उपलब्ध करवाई जाए।
मंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार हर संकट की घड़ी में लोगों के साथ खड़ी है और प्रभावित परिवार को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
आगजनी पीड़ित आशा ठाकुर से मिले मंत्री विक्रमादित्य सिंह, हर संभव मदद का दिया भरोसा