हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद पेंशनर्स कल्याण संघ, जिला कुल्लू इकाई की मासिक बैठक साढ़ाबाई स्थित HPSEB कम्युनिटी हॉल में 18 जून को आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के मुख्य सलाहकार एवं संस्थापक प्रधान ई.एस.एल. कश्यप ने की।
बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 80 पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स ने भाग लिया तथा अपनी समस्याओं और मांगों पर विस्तृत चर्चा की। महासचिव एन.एस. नेगी ने संगठन की गतिविधियों और विभिन्न लंबित मामलों की जानकारी सदस्यों के समक्ष रखी।
बैठक में पेंशनर्स ने वर्ष 2016 से लागू संशोधित वेतनमान के तहत लंबित वेतन और पेंशन की बकाया राशि का भुगतान अब तक नहीं होने पर रोष व्यक्त किया। साथ ही वर्ष 2025 की प्राकृतिक आपदाओं के दौरान प्रभावित हुए पेंशनर्स और उनके परिवारों की आर्थिक परेशानियों का भी जिक्र किया गया।
सदस्यों ने बढ़ती महंगाई को देखते हुए सरकार से लंबित 15 प्रतिशत महंगाई भत्ता (DA) शीघ्र जारी करने की मांग की। उनका कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण पेंशनर्स का मासिक बजट प्रभावित हो रहा है और उन्हें आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में सरकार और बोर्ड प्रबंधन से पेंशनर्स से जुड़े सभी लंबित वित्तीय मामलों का जल्द निपटारा करने की मांग की गई। साथ ही संगठन को और मजबूत बनाने तथा पेंशनर्स के अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया गया।
लंबित देनदारियों पर भड़के HPSEB पेंशनर्स, 15% महंगाई भत्ता जारी करने की उठाई मांग