थलौट क्षेत्र में आज 3 जून 2026 को 133 ईको TA डोगरा B यूनिट के सूबेदार दलीप कुमार शर्मा के नेतृत्व में 20 जवानों तथा महिला मंडल थलौट की 30 महिलाओं ने मिलकर मार्कण्डेय ऋषि मंदिर वकाहड़ी, रूहड़ू धार और द्ववाडा क्षेत्र में वृक्षारोपण अभियान चलाया। अभियान का आयोजन "भागीदारी और जिम्मेदारी" के आदर्श वाक्य के तहत किया गया।
सूबेदार दलीप कुमार शर्मा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कर उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी तय करना है। उन्होंने बताया कि ईको टास्क TA डोगरा B यूनिट ने इस माह क्षेत्र में 75 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। स्थानीय आराध्य देव श्री मार्कण्डेय ऋषि की पावन भूमि से इस अभियान की शुरुआत करना यूनिट के लिए सौभाग्य की बात है।
उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन की अनेक आवश्यकताओं को पूरा करते हैं। ये पशुओं के लिए चारा, ईंधन, इमारती लकड़ी तथा स्वच्छ पर्यावरण प्रदान करते हैं। आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों को हरे-भरे जंगल और स्वच्छ वातावरण की सौगात देंगे।
महिला मंडल की सदस्यों ने सेना के जवानों के साथ मिलकर पौधारोपण करने पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पहाड़ों का जीवन हरे-भरे जंगलों पर निर्भर है और हर पौधा बच्चों के सुरक्षित भविष्य की नींव है। इस दौरान महिलाओं ने जंगलों में आग लगाने वाले शरारती तत्वों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग भी उठाई, ताकि वन संपदा और वन्य जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
सूबेदार दलीप कुमार शर्मा ने विश्वास जताया कि महिला मंडलों और युवक मंडलों के सहयोग से "भागीदारी और जिम्मेदारी" के इस अभियान के तहत 75 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य अवश्य पूरा किया जाएगा।
Also, Watch This Video
133 ईको TA डोगरा B यूनिट और महिला मंडल थलौट ने चलाया वृक्षारोपण अभियान, 75 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य