कुल्लू, 29 मार्च | नवनिर्वाचित सांसद अनुराग शर्मा से उपायुक्त कुल्लू अनुराग चन्द्र शर्मा ने परिधि गृह में शिष्टाचार भेंट की। उपायुक्त ने सांसद का कुल्लू आगमन पर स्वागत किया।
भेंट के दौरान सांसद ने जिला कुल्लू में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुंचे, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर निरंतर निगरानी और बेहतर समन्वय जरूरी है। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गति बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
उपायुक्त ने सांसद को व्यास नदी के संवेदनशील स्थानों पर किए जा रहे ड्रेजिंग कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन कार्यों का मुख्य उद्देश्य नदी के प्रवाह को सुचारू बनाए रखना और बाढ़ जैसी संभावित आपदाओं से सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके अलावा, जिले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और कूड़ा निष्पादन के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी साझा की गई।
बैठक में पर्यटन और साहसिक खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने बताया कि जिला कुल्लू में एडवेंचर टूरिज्म, बुनियादी ढांचे के विकास और पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।
सांसद अनुराग शर्मा ने जिला प्रशासन के कार्यों की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करना बेहद आवश्यक है।
इसके साथ ही सांसद ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार ने आपदा के समय त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई कर प्रभावित लोगों को समय पर राहत पहुंचाई है।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सेस राम आजाद सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे।