कुल्लू, 29 जुलाई। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मनिकरण घाटी से उनका और उनके परिवार का भावनात्मक रिश्ता रहा है तथा प्रदेश सरकार इस क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भुंतर–मनिकरण सड़क पार्वती घाटी की जीवनरेखा है और इसके सुदृढ़ीकरण तथा स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
बुधवार को मनिकरण घाटी में नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य प्रवीण ठाकुर के आभार समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने भी मनिकरण घाटी के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उन्होंने बताया कि भुंतर–मनिकरण सड़क कसोल, मनिकरण, मलाणा, तोश और बरशैणी जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को जोड़ती है, जहां हर वर्ष देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के कारण सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हुई है। इसके स्थायी समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही विशेषज्ञों की सलाह पर अत्यधिक संवेदनशील क्षेत्रों में नदी के दूसरे किनारे से वैकल्पिक सड़क निर्माण की संभावनाओं का भी अध्ययन किया जा रहा है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह शीघ्र ही केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर भुंतर–मनिकरण सड़क के उन्नयन के लिए विशेष वित्तीय सहायता का आग्रह करेंगे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को एक माह के भीतर सड़क के सभी क्षतिग्रस्त हिस्सों में टारिंग और पैचवर्क का कार्य पूरा करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई-4) के तहत कुल्लू मंडल की 17 सड़कों के लिए ₹167 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें मनिकरण घाटी की तीन सड़कें भी शामिल हैं। साथ ही अधिकारियों को आगामी सेब सीजन को देखते हुए मुख्य एवं संपर्क सड़कों को सुचारु बनाए रखने तथा आवश्यक मशीनरी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप सीआरआईएफ (रोड) 2026-27 के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश को ₹239.45 करोड़ की स्वीकृति मिली है। इसके तहत ₹203.52 करोड़ की लागत से छैला–नेरिपुल–यशवंत नगर–कुमारहट्टी सड़क तथा ₹35.93 करोड़ की लागत से टिक्कर–जरोल–खमाड़ी सड़क के उन्नयन को मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से प्रदेश के बागवानी क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा और किसानों व बागवानों को सीधा लाभ पहुंचेगा।
इस अवसर पर एपीएमसी अध्यक्ष राम सिंह मियां, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सेस राम आजाद, जिला परिषद सदस्य प्रवीण ठाकुर, उपिंदर कांत मिश्रा, बाविक ठाकुर, पिंगला भंडारी, किशन ठाकुर, टहल सिंह राणा, नगर परिषद कुल्लू की अध्यक्ष आशा ठाकुर, उपाध्यक्ष शालिनी नेगी, बीडीसी अध्यक्ष राम प्रकाश, लोक निर्माण विभाग के ईएनएसी एन.पी. सिंह, एडीएम सुरजीत सिंह राठौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
Also, Watch This Video
प्रदेश की दो प्रमुख सड़कों को ₹239.45 करोड़ की मंजूरी, मनिकरण घाटी के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करेगी सरकार : विक्रमादित्य सिंह