कुल्लू, 28 जुलाई। राजकीय महाविद्यालय कुल्लू के सभागार में सोमवार को "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के मेरा युवा भारत (माय भारत) कार्यक्रम के अंतर्गत नेहरू युवा केन्द्र कुल्लू द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ राजकीय महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राकेश राणा ने किया, जबकि समापन समारोह में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) सुरजीत सिंह राठौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में एडीएम सुरजीत सिंह राठौर ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कौशल विकास और सामाजिक सेवा को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति की प्रतिभा, ऊर्जा और भविष्य को धीरे-धीरे समाप्त कर देती है। इसलिए प्रत्येक युवा का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करे। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया तथा सभी छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान भाषण, कविता पाठ, लोकगीत, सांस्कृतिक गीत एवं नृत्य, चित्रकला, पेंटिंग, स्लोगन लेखन, शॉर्ट मूवी, रील और नुक्कड़ नाटक जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें राजकीय महाविद्यालय कुल्लू, राजकीय महाविद्यालय बंजार, जवाहर नवोदय विद्यालय कुल्लू, रामेश्वरी अध्यापक प्रशिक्षण संस्थान तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हुए नशा मुक्त समाज का संदेश दिया।
इससे पूर्व जिला युवा अधिकारी प्रतिभा शर्मा ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर उनके व्यक्तित्व एवं कौशल विकास को नई दिशा देना है। उन्होंने युवाओं से माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर राष्ट्र निर्माण के इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला भाषा अधिकारी प्रोमिला गुलेरिया, जिला कल्याण अधिकारी गिरधारी लाल शर्मा, डॉ. चारु, डॉ. रूपा, प्रोफेसर सपना वर्मा, डॉ. शैलजा, डॉ. निशा शर्मा, डॉ. ठाकुर सेन, डॉ. अनुपमा कटोच, डॉ. हीरामणि, डॉ. प्रियंका ठाकुर सहित नेहरू युवा केन्द्र के अधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Also, watch This Video
कुल्लू में युवाओं ने रचनात्मक अभिव्यक्तियों से छेड़ी नशा मुक्ति की मुहिम, लोकगीत-नुक्कड़ नाटक से दिया विकसित भारत का संदेश