• Wednesday, 29 July 2026
कोहबागा स्कूल में दूरसंचार सेवाओं व साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को उपभोक्ता अधिकारों की दी जानकारी

29 Jul 2026 | 29 Views

कोहबागा स्कूल में दूरसंचार सेवाओं व साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को उपभोक्ता अधिकारों की दी जानकारी

शिमला, 29 जुलाई। हिमाचल उपभोक्ता संरक्षण परिषद (रजि.) द्वारा भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) के तत्वावधान में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, कोहबागा, तहसील एवं जिला शिमला में दूरसंचार सेवाओं, उपभोक्ता अधिकारों तथा साइबर सुरक्षा विषय पर एक दिवसीय उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों एवं विद्यार्थियों को दूरसंचार सेवाओं, बिलिंग प्रक्रिया, डिजिटल सुरक्षा तथा उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के सेवा निवृत्त अधिकारी सुरेन्द्र शर्मा ने की। परिषद के उपाध्यक्ष रजनीत सिंह धीमान ने प्रतिभागियों को दूरसंचार सेवाओं से जुड़ी समस्याओं, सही प्लान चुनने, बिलिंग में होने वाली अनियमितताओं की पहचान, छिपे शुल्कों से बचाव तथा शिकायत निवारण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा पर विशेष बल देते हुए मजबूत पासवर्ड, मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन, ओटीपी एवं बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई। साथ ही अनजान कॉल, फर्जी लिंक और सोशल मीडिया संदेशों से सतर्क रहने तथा संदिग्ध नंबरों की रिपोर्ट करने के बारे में भी जागरूक किया गया। प्रतिभागियों को बताया गया कि किसी भी वित्तीय या साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।

विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी साइबर अपराध एवं उपभोक्ता जागरूकता विषय पर संदेश प्रस्तुत किए, जिनकी सभी ने सराहना की। विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती दीपशिखा गौर ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को डिजिटल युग की चुनौतियों से सुरक्षित रहने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में खुला मंच आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने मोबाइल नेटवर्क, कॉल ड्रॉप तथा अन्य दूरसंचार सेवाओं से जुड़े प्रश्न पूछे। विशेषज्ञों ने मौके पर ही उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी, मोबाइल कंपनियों के प्रतिनिधि तथा स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Also, Watch This Video

कोहबागा स्कूल में दूरसंचार सेवाओं व साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को उपभोक्ता अधिकारों की दी जानकारी

Published on: 29 Jul 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News