कुल्लू जिला के शाट गांव में माउंटेन फोरम हिमालयाज द्वारा आइशर ग्रुप फाउंडेशन (EGF) के सहयोग से सामुदायिक आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को विभिन्न प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से बचाव, आपदा से पूर्व तैयारी तथा आपदा के समय सही प्रतिक्रिया देने के लिए जागरूक एवं सक्षम बनाना था।
कार्यक्रम में गांव के प्रधान दूनी चंद, उप-प्रधान अनिल ठाकुर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण की शुरुआत माउंटेन फोरम हिमालयाज की प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर सुश्री सरिता शर्मा ने संस्था की कार्यप्रणाली एवं परियोजना की जानकारी साझा करते हुए की। उन्होंने आपदा जोखिम न्यूनीकरण, सामुदायिक सहभागिता तथा पूर्व तैयारी के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण के दौरान ट्रेनर बेलीराम ने भूकंप, बाढ़, भूस्खलन, आग सहित विभिन्न आपदाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी तथा व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण तकनीकों से ग्रामीणों को अवगत कराया। वहीं ट्रेनर योगराज ने प्राथमिक उपचार (फर्स्ट ऐड) एवं सर्च एंड रेस्क्यू का प्रदर्शन करते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में घायलों की सहायता, सुरक्षित बचाव कार्य तथा त्वरित प्रतिक्रिया देने के प्रभावी तरीके समझाए।
प्रशिक्षण के दौरान ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए भविष्य में किसी भी आपदा का सामूहिक रूप से सामना करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने आपदा से नहीं डरेंगे, मिलकर उसका सामना करेंगे का नारा लगाकर जागरूकता एवं सामुदायिक एकजुटता का संदेश दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को आपदाओं के प्रति जागरूक, आत्मनिर्भर एवं भविष्य की संभावित चुनौतियों के लिए बेहतर ढंग से तैयार करना रहा।
Also, Watch This Video
शाट गांव में सामुदायिक आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण आयोजित, ग्रामीणों को सिखाए आपदा से बचाव और राहत के गुर