सिक्किम। दक्षिण सिक्किम के समरडुंग स्थित एनएचपीसी की निर्माणाधीन तीस्ता स्टेज-VI (500 मेगावाट) जलविद्युत परियोजना में सोमवार, 20 जुलाई 2026 को एक बड़ा हादसा हो गया। दोपहर 1:04 बजे हेड रेस टनल (HRT) के भीतर चट्टानों में फंसी संदिग्ध मीथेन गैस के अचानक विस्फोट से घना धुआं और विषैली गैसें फैल गईं।
घटना के तुरंत बाद एनएचपीसी ने अपना इमरजेंसी रिस्पॉन्स प्रोटोकॉल लागू कर दिया। बचाव कार्य के लिए जिला प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन और अन्य आपदा राहत एजेंसियों को मौके पर तैनात किया गया। इसके अलावा डीजी माइन्स सेफ्टी की विशेष रेस्क्यू टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर अभियान में जुट गई है।
एनएचपीसी का शीर्ष प्रबंधन भी मौके पर पहुंच गया है और बचाव कार्यों की निगरानी कर रहा है। टनल के भीतर फंसे कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
ताजा जानकारी के अनुसार, हादसे के समय टनल के अंदर 25 कार्मिक फंसे हुए थे, जिनमें से अब तक 10 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है। शेष कर्मियों को सुरक्षित निकालने के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान जारी है।
एनएचपीसी ने कहा है कि घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच कराई जाएगी तथा प्रभावित परिवारों और बचाव एजेंसियों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
Also, Watch This Video
सिक्किम में NHPC की तीस्ता-VI (500 MW) परियोजना में बड़ा हादसा, टनल में गैस विस्फोट, 10 की मौत