हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जनप्रिय नेता स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की 5वीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को कुल्लू स्थित भुट्टिको सभागार में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में भुट्टिको के अध्यक्ष एवं पूर्व बागवानी मंत्री ठाकुर सत्य प्रकाश ने कहा कि स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह एक युगपुरुष और विकास के मसीहा थे। उन्होंने हिमाचल प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक विस्तार किया, प्रदेशभर में सड़कों का जाल बिछाया तथा हिमाचल को फल उत्पादक राज्य के रूप में स्थापित कर किसानों और बागवानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि उन्हें भी राजा वीरभद्र सिंह के साथ बागवानी मंत्री तथा मार्केटिंग बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में कार्य करने का अवसर मिला। उनकी दूरदर्शी सोच को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश की सब्जी मंडियों का आधुनिकीकरण किया गया, जिससे किसानों और बागवानों को अपनी उपज बेचने के लिए दिल्ली, मुंबई, चेन्नई सहित अन्य राज्यों का रुख नहीं करना पड़ा और उन्हें प्रदेश की मंडियों में ही बेहतर दाम मिलने लगे।
ठाकुर सत्य प्रकाश ने कहा कि राजा वीरभद्र सिंह ने बुशहर और कुल्लू की पारंपरिक टोपी को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। भुट्टिको के प्रति उनका विशेष स्नेह हमेशा बना रहा। जब भी वे कुल्लू प्रवास पर आते थे, भुट्टिको में उनका विशेष स्वागत किया जाता था। उन्होंने कहा कि राजा वीरभद्र सिंह का व्यक्तित्व ऐसा था कि हर वर्ग और हर राजनीतिक दल के लोगों में उनके प्रति सम्मान और अपनापन था। भुट्टिको सहकारी सभा के लिए उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
उन्होंने सभी से स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह के बताए मार्ग और विकास की सोच पर चलने का आह्वान किया।
इस अवसर पर निदेशक मंडल के सदस्य आत्मा राम, जोगध्यान, इंद्रा देवी, शिवानी ठाकुर, भुट्टिको निर्यात सलाहकार, मुख्य महाप्रबंधक सूरती देवी, महाप्रबंधक किशन ठाकुर, दिनेश ठाकुर, सुरेंद्र सिंह, सुनील ठाकुर, ओम प्रकाश, महेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, मनी राम, गौरवा ठाकुर, यशवीर ठाकुर, जतिंद्र, मनीष, सोमावती, मीरा सहित भुट्टिको के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Also, Watch This Video
राजा वीरभद्र सिंह की 5वीं पुण्यतिथि पर भुट्टिको में श्रद्धांजलि सभा, दो मिनट का मौन रख दी भावभीनी श्रद्धांजलि