कुल्लू। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) जिला कुल्लू के जिला संयोजक ऋतिक कार्तिक ने कुल्लू क्षेत्रीय अस्पताल में प्रसूता की हुई मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत गंभीर मामला बताया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं स्वास्थ्य व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करती हैं।
ऋतिक कार्तिक ने बयान जारी कर कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष, उच्च स्तरीय और समयबद्ध जांच करवाई जानी चाहिए। यदि जांच में किसी अधिकारी, चिकित्सक या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है, तो उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में संवेदनशीलता, जवाबदेही और जिम्मेदारी सर्वोपरि होनी चाहिए। अस्पताल में उपचार के लिए आने वाला प्रत्येक व्यक्ति बेहतर चिकित्सा और मानवीय व्यवहार की अपेक्षा रखता है। यदि कहीं भी लापरवाही हुई है, तो उसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
एबीवीपी जिला कुल्लू ने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग से मामले का शीघ्र संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोर दंड देने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। साथ ही परिषद ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें न्याय दिलाने के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक माध्यमों से अपनी आवाज बुलंद करने का आश्वासन दिया है।
Also, Watch This Video
कुल्लू क्षेत्रीय अस्पताल में प्रसूता की मौत पर एबीवीपी ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग