फरीदाबाद। एनएचपीसी के संयुक्त तत्वावधान में “मिशन लाइफ (Mission LiFE)” तथा “एक पेड़ माँ के नाम 3.0” अभियान के अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय परिसर में वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर निदेशक (परियोजनाएँ) संजय कुमार सिंह, निदेशक (तकनीकी) सुप्रकाश अधिकारी, निदेशक (वित्त एवं कार्मिक) महेश कुमार शर्मा, एनएचपीसी महिला कल्याण समिति की मुख्य संरक्षक शिखा गुप्ता, संरक्षक सोमा अधिकारी एवं रिंकू शर्मा, केंद्रीय विद्यालय की प्राचार्या ममता शेखर, एनएचपीसी के वरिष्ठ अधिकारी, विद्यालय के शिक्षक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में भूपेंद्र गुप्ता ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया मिशन लाइफ पर्यावरण संरक्षण को हमारी जीवनशैली का हिस्सा बनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि बच्चों में प्रकृति और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यही संस्कार उन्हें भविष्य का जिम्मेदार नागरिक बनाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण विषय पर बनाई गई चित्रकृतियों एवं प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उत्साह और रचनात्मकता की प्रशंसा की।
विद्यालय की प्राचार्या ममता शेखर ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता तथा मिशन लाइफ के सिद्धांतों को व्यवहार में अपनाने की प्रेरणा देना है। उन्होंने कहा कि "एक बच्चा–एक पौधा" केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने का जनसंकल्प है।
Also, Watch This Video
एनएचपीसी में ‘मिशन लाइफ’ और ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ के तहत वन महोत्सव आयोजित