हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड में पुरानी पेंशन बहाल नहीं होने पर कर्मचारी भड़क गए हैं। 25 मई को बोर्ड मुख्यालय कुमार हाउस शिमला में प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। शनिवार को राज्य सचिवालय में हुई सर्विस कमेटी की बैठक में पुरानी पेंशन बहाली के प्रस्ताव को शामिल नहीं करने पर कर्मचारी यूनियन ने बोर्ड प्रबंधन पर मनमानी करने के आरोप लगाए हैं। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि अफसरशाही मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के फैसले पर अमल नहीं कर रही है।
उन्होंने मई के वेतन में भी एनपीएस शेयर कटने का विरोध किया है। बोर्ड की कर्मचारी यूनियन और तकनीकी कर्मचारी संघ ने जल्द ओपीएस बहाल नहीं करने पर सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी है।
उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाल नहीं होने से करीब 9,000 कर्मचारियों को नुकसान होगा। पुरानी पेंशन बहाल होने पर रविवार को कर्मचारी यूनियन ने वर्चुअल बैठक कर बोर्ड प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलने की रणनीति बनाई।